छत्तीसगढ़राजनीति

सुखदेव भगत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले– जनता नहीं कॉरपोरेट के हित में हो रहा काम

राजीव भवन में जिला कांग्रेस की विस्तारित बैठक में वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान

सुखदेव भगत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले– जनता नहीं कॉरपोरेट के हित में हो रहा काम

अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में प्रेसवार्ता के बाद सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक ली। अपने दौरे की शुरुआत 16 नवंबर को जशपुर जिले से करते हुए उन्होंने जशपुर, सरगुजा और सूरजपुर के विभिन्न गांवों में बूथ स्तरीय चौपाल को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम साल्ही पहुंचकर परसा-केंते कोयला परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से भी मुलाकात की।

प्रेसवार्ता में सुखदेव भगत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र से दौरे की शुरुआत करने पर उन्हें जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की कमी नजर आई। सरकार के कामकाज को नंबर देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार का कामकाज नंबर देने योग्य नहीं है। उनके अनुसार प्रदेश सरकार जनता के बजाय कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन कांग्रेस के लिए केवल नारा नहीं, बल्कि आम जनता के प्रति राजनीतिक प्रतिबद्धता है।

प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने इससे इनकार करते हुए कहा कि कांग्रेस के सभी नेता केंद्रीय नेतृत्व के साथ लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं। कांग्रेस में विचारों और आंतरिक लोकतंत्र को महत्व दिया जाता है।

आदिवासी हितों के मुद्दे पर उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार कॉरपोरेट कंपनियों के हित में आदिवासियों की जमीनों पर कोयला खदानें खुलवा रही है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वन क्षेत्रों में नई खदानें नहीं खोलने का विधानसभा में सर्वसम्मति से संकल्प पारित किया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार उस निर्णय का पालन नहीं कर रही है।

वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान

राजीव भवन में आयोजित विस्तारित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि मताधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस ने देशभर में वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान शुरू किया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इस लड़ाई को आगे बढ़ाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के शासन में मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंडल और बूथ स्तरीय चौपाल के माध्यम से वोट चोरी के आरोपों के साथ महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था और धान खरीदी से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि देश की आजादी के साथ प्राप्त मतदान का अधिकार लोकतंत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज इसी अधिकार को प्रभावित करने के प्रयास हो रहे हैं। कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में इसके खिलाफ संघर्ष कर रही है।

सिंहदेव ने राशन कार्ड, बिजली बिल और धान खरीदी का मुद्दा उठाया

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने स्थानीय जनसमस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राशन कार्ड निरस्त होने, भारी बिजली बिल और धान खरीदी में मनमानी से आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि डिजिटलीकरण के नाम पर पात्र राशनकार्ड हितग्राहियों को राशन से वंचित किया जा रहा है। एग्रीस्टेट पंजीयन के नाम पर किसानों के रकबे को शून्य घोषित कर उन्हें अपात्र किया जा रहा है। वहीं स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं पर भारी बिजली बिल का बोझ पड़ रहा है।

बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, बूथ लेवल एजेंटों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया। सुखदेव भगत ने कहा कि संगठन में किए गए बदलावों के बाद कार्यकर्ताओं का काम और उनकी सक्रियता ही आगे बढ़ने का आधार बनेगी।

संचार विभाग : जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!