छत्तीसगढ़राजनीति

धान खरीदी से पहले अधूरे डिजिटल फसल सर्वे ने बढ़ाई किसानों की चिंता, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

दरिमा को विकासखंड बनाने और सहकारी बैंक की शाखा खोलने की भी उठाई मांग

धान खरीदी से पहले अधूरे डिजिटल फसल सर्वे ने बढ़ाई किसानों की चिंता, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

अम्बिकापुर। आगामी 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी से पहले दरिमा क्षेत्र में डिजिटल फसल सर्वे के अधूरे कार्य, पंजीकृत किसानों की सूची चस्पा नहीं होने तथा गिरदावरी में किसानों का रकबा शून्य दर्शाए जाने को लेकर किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। इन समस्याओं के निराकरण सहित विभिन्न मांगों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दरिमा ने पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नारद गुप्ता के नेतृत्व में सरगुजा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पटवारियों की हड़ताल के कारण डिजिटल फसल सर्वे का कार्य अधूरा पड़ा है। पंजीकृत किसानों की सूची सार्वजनिक रूप से चस्पा नहीं होने के कारण किसान निर्धारित समय में दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। इससे किसानों में धान विक्रय को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

सबसे गंभीर समस्या गिरदावरी में रकबा शून्य प्रदर्शित होने की है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार पूर्व में धान बेच चुके कई किसानों का रकबा भी इस बार शून्य दिखाई दे रहा है। वहीं पटवारियों की हड़ताल के चलते लगभग 2 से 5 प्रतिशत किसानों का पंजीयन नहीं हो पाने की समस्या सामने आ रही है। ऐसे में आगामी धान खरीदी के दौरान इन किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

किसानों के साथ आयोजित बैठक के बाद पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि दरिमा ब्लॉक के किसानों जैसी स्थिति कमोबेश पूरे जिले में बनी हुई है। किसान धान विक्रय को लेकर असमंजस में हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समस्या का प्रमुख कारण पटवारियों की हड़ताल है। सरकार को पटवारियों की मांगों पर तत्काल पहल कर समाधान निकालना चाहिए, ताकि वे धान खरीदी के महत्वपूर्ण सीजन से पहले अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें और किसानों को राहत मिल सके।

दरिमा को विकासखंड बनाने और सहकारी बैंक खोलने की मांग

बैठक के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने दरिमा को विकासखंड बनाने तथा यहां सहकारी बैंक की शाखा खोलने की मांग को लेकर भी ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि दरिमा क्षेत्र की चार सहकारी समितियों में पूर्व के आंकड़ों के अनुसार 10 हजार से अधिक पंजीकृत किसान हैं। बैंकिंग लेनदेन के लिए इन किसानों को अम्बिकापुर शाखा पर निर्भर रहना पड़ता है। अम्बिकापुर मुख्य शाखा पर दरिमा क्षेत्र की चार समितियों के अलावा अम्बिकापुर क्षेत्र की छह समितियों का भी भार है। दरिमा में सहकारी बैंक की शाखा खुलने से मुख्य शाखा का भार कम होगा और क्षेत्र के किसानों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री के नाम प्रेषित ज्ञापन में दरिमा को विकासखंड घोषित करने की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि दरिमा क्षेत्र में ब्लॉक स्तर के अधिकांश कार्यालय संचालित हैं। सरगुजा का एकमात्र व्यावसायिक हवाई अड्डा मां महामाया एयरपोर्ट और घुनघुट्टा परियोजना भी इसी क्षेत्र में स्थित हैं। वर्तमान अम्बिकापुर ब्लॉक मुख्यालय से दरिमा की दूरी लगभग 18 किलोमीटर है। ऐसे में दरिमा को विकासखंड का दर्जा मिलने से क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए योजनाओं का निर्माण और उनका क्रियान्वयन अधिक सुगम हो सकेगा।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अनीमा केरकेट्टा, गुरुशरण सिंह, अजीत राम, अरुण गुप्ता, रामसाय मिंज, प्रमेंन्द्र सरजाल, संजीव कश्यप, रामप्रकाश, जयपाल यादव, नरेश नेटी, रविशंकर नायक, निलेश कश्यप, राकेश सोनी, सुनील किंडो, विकास सिंह, कमल सिंह, पारस राजवाड़े, उमाशंकर कुशवाहा, विनोद सिंह, कमल एक्का, मुनेश्वर बखला सहित बड़ी संख्या में दरिमा क्षेत्र के किसान एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

 

संचार विभाग, जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!