
राशन वितरण की अनियमितताओं और सामुदायिक भवन के रखरखाव को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर। शहर मंडल क्रमांक-2 के विभिन्न वार्डों में राशन वितरण में अनियमितता, राशन दुकानों के नियमित रूप से नहीं खुलने तथा जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सोमवार को सरगुजा कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मण्डल प्रभारी मो. इस्लाम के मार्गदर्शन मे व मंडल अध्यक्ष मो. नेयाजुद्दीन खान (निक्की खान) के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त एवं जिला खाद्य अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष एवं मण्डल प्रभारी मो. इस्लाम एवं ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धनजल विशेष रूप से उपस्थित रहे। नगर निगम आयुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में चांदमारी ग्राउंड श्रीगढ़ स्थित सामुदायिक भवन को पुनः संचालित करने तथा उसके समुचित रखरखाव की मांग की गई।

वहीं जिला खाद्य अधिकारी को दिए गए ज्ञापन में एपीएल वर्ग के हितग्राहियों को चावल एवं शक्कर का वितरण नहीं होने, राशन दुकानों के नियमित रूप से नहीं खुलने तथा बायोमैट्रिक आधारित वितरण व्यवस्था से उत्पन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ओटीपी व्यवस्था बंद होने और केवल बायोमैट्रिक मिलान के आधार पर राशन वितरण किए जाने के कारण कई बुजुर्ग हितग्राही राशन प्राप्त करने से वंचित हो रहे हैं। इसके अलावा अंत्योदय कार्डधारकों को पिछले चार माह से शक्कर का वितरण नहीं होने तथा एपीएल कार्डधारकों को चावल नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि क्षेत्र की कई राशन दुकानों को समितियों द्वारा नियमित रूप से नहीं खोला जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला खाद्य अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में पार्षद हसन खान, मंडल अध्यक्ष चंद्र प्रकाश मग्गू, पार्षद बाबर इदरीसी, काजू खान, मंडल अध्यक्ष सौरभ फिलिप, ब्लॉक सचिव अजहर मंसूरी, विजय सोनी, शमसु अंसारी, अब्दुल वाहिद, मो. औरंगज़ेब सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।






