
कर्बला की खिदमत में जुटा सूरजपुर, मुस्लिम एकता मंच ने शुरू कराया साफ-सफाई और समतलीकरण का कार्य
सूरजपुर। कर्बला की याद और अहले-बैत से मोहब्बत रखने वाले सूरजपुर के लोगों ने समाजहित में एक नई पहल की है। मुस्लिम एकता मंच द्वारा सूरजपुर स्थित कर्बला परिसर की साफ-सफाई एवं जमीन के समतलीकरण का कार्य शुरू कराया गया है। इस पहल का उद्देश्य कर्बला परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित और बेहतर स्वरूप प्रदान करना है।
मुस्लिम एकता मंच के अध्यक्ष इकबाल खान के नेतृत्व में मंच के पदाधिकारियों एवं अंजुमन कमेटी सूरजपुर के सदर की मौजूदगी में जेसीबी के माध्यम से कर्बला परिसर की साफ-सफाई और समतलीकरण का कार्य कराया गया। इस दौरान मंच और अंजुमन कमेटी के पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे तथा कार्य की निगरानी की।

कर्बला परिसर की खिदमत को लेकर समाज के कुछ सम्मानीय लोगों द्वारा बैठक कर करबला कमेटी के गठन पर भी आपसी चर्चा की गई। बैठक में कमेटी के गठन, सदस्यों की जिम्मेदारियों तथा समाजहित में किए जाने वाले कार्यों को लेकर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान कर्बला परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव और भविष्य में इसे बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।
‘कर्बला की खिदमत, अहले-बैत से मोहब्बत का जज्बा’
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि कर्बला केवल एक स्थान नहीं, बल्कि इमाम हुसैन और उनके साथियों की कुर्बानी, सब्र, हक और इंसाफ की याद से जुड़ा मुकद्दस मरकज है। कर्बला की खिदमत और उसकी व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास अहले-बैत से मोहब्बत रखने वाले लोगों के लिए सम्मान और अकीदत का विषय है।

समाज के लोगों ने कहा कि कर्बला की साफ-सफाई और व्यवस्था को बेहतर बनाने में हर व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करना चाहिए। आपसी एकता और भाईचारे के साथ किए गए ऐसे कार्य समाज को मजबूत करते हैं और आने वाली पीढ़ियों तक कर्बला के पैगाम को पहुंचाने में मददगार साबित होते हैं।
इस अवसर पर कर्बला की फिक्र और खिदमत करने वाले सूरजपुर के तमाम लोगों के लिए दुआ करते हुए कहा गया कि मौला इमाम हुसैन का फैज सभी पर जारी रहे, सैय्यदा के सदके में सभी के घरों में अमन, बरकत और खुशहाली रहे तथा मौला सभी को सलामत रखें।
मुस्लिम एकता मंच की इस पहल को समाज के लोगों ने सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि कर्बला परिसर की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आपसी सहयोग और एकजुटता के साथ आगे भी प्रयास जारी रहने चाहिए।
कर्बला की खिदमत, अहले-बैत से मोहब्बत और समाज की एकता—इन्हीं जज्बात के साथ सूरजपुर में शुरू हुआ यह प्रयास अब एक बेहतर और व्यवस्थित कर्बला परिसर की उम्मीद जगा रहा है।




