क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

चुनाव आयोग पर सरगुजा कांग्रेस का बड़ा हमला, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा 

कांग्रेस ने किया पुतला दहन, विरोध प्रदर्शन और कलेक्टोरेट घेराव; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

चुनाव आयोग पर सरगुजा कांग्रेस का बड़ा हमला, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा 

अंबिकापुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी तथा उनके कार्यकाल में चुनाव आयोग द्वारा लिए गए निर्णयों की समीक्षा की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव भवन से रैली निकाली। घड़ी चौक पहुंचकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कलेक्टोरेट का घेराव किया और राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस ने एक प्रमुख समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने समकक्ष चुनाव आयुक्तों के साथ सामूहिक सहमति अथवा बहुमत से निर्णय लेने के बजाय एकतरफा तरीके से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। कांग्रेस ने विशेष रूप से एसआईआर (Special Intensive Revision) तथा मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 में किए गए बदलावों को लेकर सवाल उठाए।

कांग्रेस का दावा है कि एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से देशभर में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और फॉर्म-6 में किए गए बदलावों से नए युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पार्टी ने इन निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की है।

प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस ने प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग के दो अन्य आयुक्तों द्वारा कथित तौर पर असहमति संबंधी नोट दिए गए तथा कैबिनेट सचिव को भी पत्र लिखा गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इससे चुनाव आयोग के भीतर निर्णय प्रक्रिया को लेकर गंभीर मतभेद सामने आते हैं। पार्टी ने केंद्र सरकार पर पूरे मामले में हस्तक्षेप नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले कई वर्षों से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवाल लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़े हुए हैं तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाती रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े हालिया खुलासों के बाद इन सवालों पर व्यापक चर्चा जरूरी हो गई है।

भगत सिंह को श्रद्धांजलि के बाद शुरू हुआ प्रदर्शन

विरोध प्रदर्शन की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के तीन कार्यकर्ता मोहर लाल सिंह, मूलदेव एक्का एवं श्री रामचंद्र ठाकुर ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, राज्य बीस सूत्रीय कार्यक्रम के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल तथा पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने उन्हें माला पहनाकर और पार्टी की पट्टिका पहनाकर कांग्रेस में शामिल कराया।

इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की रैली राजीव भवन से घड़ी चौक पहुंची, जहां पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कलेक्टोरेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा जिला कार्यकारिणी सदस्य, सभी ब्लॉक अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी, विभिन्न मोर्चा संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा बूथ स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!