
मैनपाट में संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, जोन, मंडल, सेक्टर एवं बूथ कमेटियों को मजबूत करने पर जोर, क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भी हुई चर्चा

मैनपाट। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपाट द्वारा संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को जोन, मंडल, सेक्टर एवं बूथ कमेटियों को मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलराम यादव के निवास स्थान पर किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय राजीव गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों को लेकर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।



बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं सरगुजा राजपरिवार के टी.एस. सिंहदेव, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत, सरगुजा जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक (मल्लू पाठक) तथा ब्लॉक प्रभारी एवं वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मो. इस्लाम विशेष रूप से उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी शानू मुखर्जी, आदरणीय शैलेश बाबा, नरेन्द्र सिंह (नीटू जी), वृद्धाबन्द यादव, नथुनी यादव, अटल यादव, सरगुजा कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष ईश्वर सोनी, सुशीला भगत, किसान कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) नागेश्वर यादव, सुनील बखला, मुन्ना टोप्पो, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सीतापुर अध्यक्ष बेहरा जी, डॉ. लालचंद यादव, जनाब बदरुद्दीन इराकी, मंडल अध्यक्ष रामबनी यादव, करम साय, भीनसरिया जी, अर्जुन टोप्पो, अम्बिका कुजूर, रामनारायण पटेल, रामचंद्र यादव, सचिव श्यामलाल यादव, अखिलेश यादव एवं श्रावण यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला पंचायत सदस्य रतनी नाग, जिला पंचायत सदस्य निर्मल कुजूर, पूर्व जनपद अध्यक्ष मैनपाट फुलसाय लकड़ा, सरपंच संघ अध्यक्ष मैनपाट एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुनील बखला सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का मंच संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलराम यादव ने किया। उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में संगठन की मजबूती, क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा जोन, मंडल, सेक्टर एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन की वास्तविक ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को आम जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं और मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहिए।

इस दौरान क्षेत्र से आए लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने मैनपाट क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से वरिष्ठ नेताओं को अवगत कराया। लोगों ने सड़क, मूलभूत सुविधाओं, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कथित अड़ियल रवैये को लेकर भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की स्थिति को लेकर भी कांग्रेस नेताओं के समक्ष चर्चा की गई।


कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर आम जनता की समस्याओं को समझने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है।


कार्यक्रम में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, प्रोफेशनल कांग्रेस, किसान कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।


कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं इलाकों से पहुंचे लगभग 400 लोगों ने सामूहिक रूप से स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया। भोजन व्यवस्था के दौरान भी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों में आपसी मेल-जोल और उत्साह का माहौल देखने को मिला।


कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलराम यादव ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, मो. इस्लाम सहित सभी वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।



उन्होंने कहा कि संगठन सृजन कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर उनके अधिकारों एवं समस्याओं की आवाज उठाएंगे।







