छत्तीसगढ़राजनीति

सरगुजा के 19 मंडलों में कांग्रेस की वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल, मतदाता सूची की निगरानी का आह्वान

टी.एस. सिंहदेव, देवाशीष पटनायक और अमरजीत भगत सहित वरिष्ठ नेताओं ने चौपालों को किया संबोधित

सरगुजा के 19 मंडलों में कांग्रेस की वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल, मतदाता सूची की निगरानी का आह्वान

 

अम्बिकापुर। चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ियों एवं मतदाता सूची में अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आज सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के विभिन्न संगठनात्मक ब्लॉकों के 19 मंडलों में मंडल स्तरीय चौपालों का आयोजन किया गया। इन चौपालों में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता अधिकारों की रक्षा, मतदाता सूची की निगरानी और आम नागरिकों को जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त सरगुजा प्रभारी देवाशीष पटनायक, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व विधायक रामदेव राम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, प्रदेश महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह एवं पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ नेता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

दरिमा ब्लॉक के करजी मंडल अंतर्गत ग्राम बेलटिकरा में आयोजित चौपाल को संबोधित करते हुए एआईसीसी के नियुक्त प्रभारी देवाशीष पटनायक ने कहा कि सरगुजा जिले में कांग्रेस का मजबूत संगठन प्रत्येक वैध मतदाता के मताधिकार की रक्षा के लिए सक्रिय है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहना होगा, ताकि किसी भी वैध मतदाता को मतदाता सूची से वंचित न किया जा सके। भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का समर्थन नहीं करने वाले मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने मतदाता पहचान और मताधिकार की सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की।

वहीं अम्बिकापुर के विभिन्न मंडलों में चौपालों को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता का आधार बनाने तथा राशन, आयुष्मान और जमीन के पट्टे जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को इससे जोड़ने की दिशा में प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का बयान भी इस आशंका की पुष्टि करता है।

सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका तथा उनके पड़ोसियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। साथ ही यह भी जांचना जरूरी है कि सरगुजा के मतदाता सूची में किसी ऐसे व्यक्ति का नाम तो शामिल नहीं है, जो जिले का निवासी नहीं है। उन्होंने मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सजग रहने और वैध मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने की अपील की।

16 नवंबर से सरगुजा दौरे पर रहेंगे प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रभारी एवं लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत 15 नवंबर से छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। वे 16 नवंबर को सरगुजा जिले पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को उदयपुर में बूथ स्तरीय चौपाल को संबोधित करेंगे। इसी दिन ग्राम साल्ही में परसा कोल ब्लॉक से प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली में बूथ स्तरीय जनचौपाल में शामिल होकर अम्बिकापुर लौटेंगे।

18 नवंबर को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में शामिल होंगे। इसके पश्चात राजपुर में बूथ स्तरीय जनचौपाल को संबोधित कर लोहरदगा के लिए रवाना होंगे। उनके दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के भी सरगुजा में मौजूद रहने की संभावना है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!