
राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित होने जा रहे विद्यालय में शौचालय-पेयजल का अभाव, कलेक्टर से शीघ्र व्यवस्था की मांग
अंबिकापुर। गांधी नगर स्थित प्राथमिक शाला गांधी नगर में अध्ययनरत करीब 125 बच्चों के लिए शौचालय एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मामला सामने आया है। इसे लेकर सामाजिक कार्यकर्ता परवेज़ आलम गांधी ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की है।

आवेदन में कहा गया है कि विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को पेयजल और शौचालय की सुविधा के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय में पर्याप्त शौचालय नहीं होने तथा स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था के अभाव की स्थिति बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान की दृष्टि से गंभीर है।

सामाजिक कार्यकर्ता परवेज़ आलम गांधी ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि प्राथमिक शाला गांधी नगर की प्रधान पाठक रेखा राय को शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। ऐसे में पुरस्कार प्राप्त करने जा रहे विद्यालय में बच्चों के लिए शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव विडंबनापूर्ण है।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि प्रधान पाठक के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, अंबिकापुर में शिकायत लंबित होने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में संबंधित विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है।

परवेज़ आलम गांधी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय में पर्याप्त शौचालय का निर्माण, स्वच्छ पेयजल की स्थायी व्यवस्था तथा संबंधित विभाग को कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन को बालहित एवं जनहित के इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक राशि स्वीकृत करते हुए सुविधाओं का कार्य जल्द पूरा कराना चाहिए।




