
अम्बिकापुर में UCC पर जनसंवाद, शरीअत और संवैधानिक अधिकारों के विभिन्न पहलुओं पर हुई

अम्बिकापुर, 10 अक्टूबर 2026। समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर रज़ा यूनिटी फाउंडेशन के तत्वावधान में 9 अक्टूबर को बरेजपारा स्थित डॉ. जाकिर हुसैन मैरिज हॉल में जनसंवाद एवं जागरूकता बैठक आयोजित की गई।

बैठक में UCC के विभिन्न पहलुओं, शरीअत से जुड़े प्रावधानों, धार्मिक स्वतंत्रता और संविधान प्रदत्त अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में शहर के सामाजिक प्रतिनिधियों एवं विभिन्न कमेटियों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान वक्ता ने समान नागरिक संहिता से संबंधित विषयों पर उपस्थित लोगों के सामने अपने विचार रखे। इस दौरान व्यक्तिगत एवं पारिवारिक मामलों पर प्रस्तावित कानून के संभावित प्रभावों तथा समाज में इस विषय को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

13 सुझावों को वीडियो के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की तैयारी
रज़ा यूनिटी फाउंडेशन की ओर से जानकारी दी गई कि छत्तीसगढ़ शासन के समक्ष समान नागरिक संहिता से संबंधित 13 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सुझाव प्रस्तुत किए जा चुके हैं। संगठन इन सुझावों को वीडियो के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है, ताकि लोग प्रत्येक बिंदु को समझ सकें और अपने विचार एवं सुझाव भी साझा कर सकें।

फाउंडेशन का उद्देश्य इस विषय पर व्यापक जनजागरूकता विकसित करना और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है।

सभी कमेटियों तक जानकारी पहुंचाने पर जोर
बैठक में निर्णय लिया गया कि UCC से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों और कानूनी पहलुओं से शहर की विभिन्न कमेटियों को अवगत कराया जाएगा। इसके लिए सामाजिक संगठनों और जिम्मेदार नागरिकों के बीच समन्वय स्थापित कर जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि संगठन धार्मिक स्वतंत्रता, संवैधानिक अधिकारों और समाज की जायज चिंताओं से जुड़े विषयों पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना पक्ष रखेगा। साथ ही, संबंधित अधिकारियों से संवाद कर समाज के सुझावों और चिंताओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास जारी रखेगा।




