
वोट बचाओ, देश बचाओ आंदोलन को लेकर कांग्रेस की अहम बैठक, 1 नवंबर की दिल्ली रैली की तैयारियों पर मंथन
अम्बिकापुर। कांग्रेस के वोट बचाओ, देश बचाओ आंदोलन के तीसरे चरण और आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को राजीव भवन में आयोजित हुई। एआईसीसी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक देवाशीष पटनायक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग सहित जिले के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) शामिल हुए।

SIR प्रक्रिया पर देवाशीष पटनायक ने उठाए सवाल
बैठक को संबोधित करते हुए एआईसीसी पर्यवेक्षक देवाशीष पटनायक ने SIR प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से देश के 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। उन्होंने इसे गैर-संवैधानिक बताते हुए कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन इसके खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।

पटनायक ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के व्यक्तिगत अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूर्ण समर्पण के साथ आंदोलन में जुटने और मताधिकार की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
टी.एस. सिंहदेव ने फार्म-6 के इस्तेमाल पर जताई आपत्ति
पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि SIR के बाद चुनाव आयोग द्वारा फिर से SSR की प्रक्रिया शुरू किया जाना, SIR के दौरान सामने आई खामियों पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने SIR में छूट गए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई।

सिंहदेव ने कहा कि फार्म-6 नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए निर्धारित है। ऐसे में SIR में छूट गए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए इसका इस्तेमाल उचित नहीं होगा। उन्होंने आशंका जताई कि इस प्रक्रिया से भविष्य में संबंधित नागरिकों के सामने कानूनी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं।
उन्होंने सुझाव दिया कि SIR में छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए संसद के माध्यम से संशोधित फार्म स्वीकृत कराया जाए और उसके बाद SSR की प्रक्रिया के तहत नाम जोड़े जाएं।
सिंहदेव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतदाता सूचियों पर विशेष नजर रखने की अपील करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आने पर भाजपा मतदाता सूचियों में गड़बड़ी कर चुनावी लाभ लेने की कोशिश करती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर चिंता जताई।
जरिता लैतफलांग ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन के साथ जुटने की अपील की
छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग ने आंदोलन के तीसरे और महत्वपूर्ण चरण की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ देश में लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्होंने दिल्ली में 1 नवंबर को आयोजित रैली की तैयारियों को गंभीरता से पूरा करने पर जोर दिया।

वहीं, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश और प्रदेश का मौजूदा माहौल भाजपा के खिलाफ जनभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची से संबंधित कथित अनियमितताओं के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ नेताओं और BLO की रही भागीदारी
बैठक में मतदाता सूचियों की निगरानी, छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने, आंदोलन के तीसरे चरण को प्रभावी बनाने और दिल्ली रैली की तैयारियों पर चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता सूची की जांच करने और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।

बैठक का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता, जिला कार्यकारिणी के सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों BLO उपस्थित रहे।
— संचार विभाग, जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा



