
UCC के विरोध में रज़ा यूनिटी फाउंडेशन ने कांग्रेस नेतृत्व को सौंपा 11 बिंदुओं का ज्ञापन
अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर रज़ा यूनिटी फाउंडेशन, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने 18 नवंबर 2026 को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर मुस्लिम समुदाय की संवैधानिक, धार्मिक एवं वैयक्तिक चिंताओं को उनके समक्ष रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद दीपक बैज से मुलाकात की। इस दौरान फाउंडेशन की ओर से समान नागरिक संहिता के विरोध में तैयार विस्तृत विरोध पत्र और 11 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आधारित ज्ञापन कांग्रेस नेतृत्व को सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुस्लिम समुदाय में निकाह, तलाक, खुला, मेहर, इद्दत, विरासत सहित विभिन्न पारिवारिक व्यवस्थाएं मुस्लिम पर्सनल लॉ एवं शरीयत के अनुरूप संचालित होती हैं। ऐसे में सभी समुदायों पर एक समान पारिवारिक कानून लागू किए जाने से धार्मिक स्वतंत्रता और संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल खड़े हो सकते हैं।

फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता लागू करने के किसी भी प्रस्ताव का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक स्तर पर विरोध किया जाए। साथ ही मुस्लिम समुदाय की धार्मिक स्वतंत्रता और मुस्लिम पर्सनल लॉ के संरक्षण के लिए प्रभावी भूमिका निभाई जाए।

इस अवसर पर रज़ा यूनिटी फाउंडेशन के संस्थापक शादाब आलम रज़वी, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इकबाल अंसारी, लीगल एडवाइजर एडवोकेट नौशाद सिद्दीकी, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शहज़ाद अली शेख, महासचिव रकीब गुलज़ार (रिंकू) एवं जिला अध्यक्ष रकीब अंसारी उपस्थित रहे।






