

योग का सम्मान, लेकिन जनता के पैसे का हिसाब भी जरूरी — जनहित में खर्च हो सरकारी खजाना : रशीद अहमद अंसारी

अम्बिकापुर : जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग, सरगुजा अध्यक्ष रशीद अहमद अंसारी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश की समस्त जनता को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए प्रेस विगप्ति जारी कर कहा के योग हमारी प्राचीन परंपरा है, जो स्वस्थ जीवन, अनुशासन और सकारात्मक सोच का संदेश देता है। योग को बढ़ावा देना एक अच्छी पहल है, लेकिन इसके नाम पर होने वाले सरकारी खर्चों पर भी पारदर्शिता और जनहित के दृष्टिकोण से विचार करना आवश्यक है।

योग दिवस के आयोजन को केवल भव्य कार्यक्रमों और दिखावे तक सीमित करने के बजाय इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाना चाहिए। मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में, स्कूल-कॉलेज अपने परिसरों में, सरकारी कर्मचारी अपने कार्यालयों में और आम नागरिक अपने स्तर पर योग करें। इससे योग का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा और सरकारी धन का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित होगा।

जब प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों और युवाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रही है, ऐसे समय में सरकारी खजाने से बड़े आयोजनों पर होने वाले खर्चों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

सरकारी धन जनता की मेहनत की कमाई है। इसका उपयोग प्रचार और दिखावे के बजाय शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में प्राथमिकता के साथ किया जाना चाहिए।


हम योग के विरोधी नहीं हैं, बल्कि उन अनावश्यक खर्चों के विरोधी हैं जिनका सीधा लाभ आम जनता तक नहीं पहुंचता। प्रदेश का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समाधान और जनहित के कार्य हों।





