
भाजपा मुद्दों से भटका रही, देश अब भाषण नहीं हिसाब मांग रहा : परवेज आलम गांधी

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने वंदे मातरम् को लेकर भाजपा की ओर से की जा रही बयानबाजी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की गौरवशाली विरासत पर राजनीति करने के बजाय भाजपा को लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता से किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए, उनसे बचने के लिए भाजपा बार-बार नए मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास करती है।

परवेज गांधी ने कहा कि संसद सत्र के दौरान भी रोजगार, महंगाई, किसानों की आय, अर्थव्यवस्था और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विपक्ष के सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार मुद्दों को दूसरी दिशा में ले जाती रही। उन्होंने कहा कि जनता भावनात्मक और ऐतिहासिक मुद्दों से अधिक वर्तमान समस्याओं का समाधान चाहती है।

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन की ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके सम्मान और स्थापित परंपरा को लेकर स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रनिर्माताओं और संविधान सभा के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने गुरु रवींद्रनाथ टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पंडित जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी, मौलाना अबुल कलाम आजाद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित देश के महान व्यक्तित्वों के योगदान का उल्लेख किया।

परवेज गांधी ने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि यदि वे वंदे मातरम् की स्थापित परंपरा और स्वरूप को बदलने की बात कर रहे हैं, तो उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि संविधान सभा और देश के महान नेताओं के निर्णय से उन्हें क्या आपत्ति है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत पर राजनीति करने के बजाय भाजपा को वर्तमान की समस्याओं पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि लाल किले से किए गए वादों में कितने पूरे हुए और कितने केवल भाषणों तक सीमित रह गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा को हर सवाल का जवाब देने के बजाय हर सवाल बदलने की आदत हो गई है, लेकिन अब जनता मुद्दा बदलने की राजनीति को समझ चुकी है।

परवेज गांधी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती सोनिया गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के स्वास्थ्य एवं सार्वजनिक जीवन से जुड़े विषयों पर भी भाजपा ने अफवाह और राजनीतिक प्रचार का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि तथ्य और मुद्दों पर जवाब देने के बजाय भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि देश को इतिहास के नाम पर नए विवाद नहीं, बल्कि वर्तमान के सवालों के जवाब चाहिए। जनता अब भाषणों की चमक-दमक से नहीं, बल्कि सरकार के कामकाज से उसका मूल्यांकन करेगी। रोजगार, महंगाई, विकास और आम नागरिक को मिली वास्तविक राहत ही सरकार के काम का पैमाना होना चाहिए।
परवेज आलम गांधी ने कहा कि मुद्दा बदलने से सवाल खत्म नहीं होते और आरोप लगाने से हिसाब नहीं मिटता। भाजपा को अब देश की जनता के सवालों का जवाब देना ही होगा।






