छत्तीसगढ़राजनीति

NH-43 की बदहाली के खिलाफ चक्का जाम, मौके पर पहुंचे NH अधिकारी

NH-43 की बदहाली के खिलाफ चक्का जाम, मौके पर पहुंचे NH अधिकारी

 

अंबिकापुर। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की बदहाल स्थिति और सड़क पर बने गड्ढों के विरोध में शनिवार को आम जनता एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने शांतिपूर्ण चक्का जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान सड़क की दुर्दशा को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चक्का जाम की सूचना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।

प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तत्काल सड़क मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया तो स्थानीय सांसद के निवास का घेराव किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल के खिलाफ आंदोलन नहीं, बल्कि आम जनता की मूलभूत सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है।

आंदोलन में श्री नूर हसन अली, श्री अजय सिंह, श्री जय मंगल राजवाड़े, श्री मोहरलाल सिंह, श्री सुरेश राम बुनकर, श्री सुंदर मिंज, रायगढ़ जिला अध्यक्ष एवं प्रभारी श्री अंकुश अग्रवाल, श्री पटेल, सामाजिक कार्यकर्ता श्री सूजान बिन्द, श्री अंकुर सिन्हा, श्री संजय ठाकुर, वरिष्ठ मार्गदर्शक श्री त्रिभुवन सिंह एवं श्री रण विजय सिंह तोमर सहित विभिन्न संगठनों के महिला-पुरुष कार्यकर्ता शामिल रहे।

वहीं लोक सेवा मुस्लिम महिला समिति की अध्यक्ष सुल्ताना सिद्दीकी के नेतृत्व में शहनाज खान, निशा खातून, मैया खातून सहित समिति की महिलाओं ने भी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई।

अम्बिकापुर-खरसिया मार्ग की बदहाली पर धरना

अम्बिकापुर-खरसिया मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह मार्ग हजारों लोगों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार सड़क के गड्ढों के कारण ऑटो एवं अन्य वाहन फंसने से महिलाओं के गिरने और चोटिल होने की घटनाएं सामने आती हैं। रात के समय आवागमन और अधिक जोखिम भरा हो जाता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों तथा मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है तथा एम्बुलेंस तक के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है।

धरना प्रदर्शन के साथ महिलाओं में स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। टीम द्वारा महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

समाज सेविका सुल्ताना सिद्दीकी ने कहा कि सड़क निर्माण की मांग किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति के विरोध में नहीं है, बल्कि आम जनता की परेशानी को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने शासन-प्रशासन से अम्बिकापुर-खरसिया मार्ग की जल्द मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की मांग की, ताकि आम नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!